छत्तीसगढ़

रायपुर में गणेश विसर्जन आज: शारदा चौक से महादेव घाट तक जाएगी झांकी, नशे और हथियारों पर रोक, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

रायपुर, 28 सितम्बर 2026। गणेशोत्सव के समापन पर आज सोमवार, 28 सितंबर को रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी निकाली जाएगी। झांकी शाम 6 बजे शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल पहुंचेगी।

झांकी मार्ग पर शाम 6 बजे से सभी तरह के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान केवल झांकी और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध

शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक और जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक-मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली तथा बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।

इसके अलावा लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना और कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग पर भी आम लोगों के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

झांकियों के बीच होगी पुरस्कार प्रतियोगिता

इस बार विसर्जन झांकियों के लिए पुरस्कार प्रतियोगिता भी आयोजित की गई है। अखिल भारतीय संत समिति, शाखा छत्तीसगढ़ की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में झांकियों और समितियों का ज्यूरी कमेटी द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा।

बेहतर प्रस्तुति देने वाली समितियों को पहले स्थान पर 51 हजार, दूसरे स्थान पर 31 हजार और तीसरे स्थान पर 21 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा विसर्जन में शामिल सभी समितियों और झांकियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

झांकियों का मूल्यांकन प्रस्तुति, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप, सजावट और अनुशासन जैसे मापदंडों के आधार पर किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य गणेश उत्सव से जुड़ी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना और समितियों को बेहतर प्रस्तुति के लिए प्रोत्साहित करना है।

नशे और हथियारों पर रोक

विसर्जन झांकी के दौरान अनावश्यक रूप से झांकी रोकने पर रोक रहेगी। समितियों को पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने और उन्हें पहचान पत्र देने के निर्देश दिए गए हैं।

झांकी में नशे का सेवन करने, हथियार या धारदार वस्तु रखने पर रोक रहेगी। डीजे और साउंड सिस्टम का इस्तेमाल भी निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जा सकेगा।

समाजसेवी बसंत अग्रवाल ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य विसर्जन में शामिल समितियों का उत्साह बढ़ाने के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाना है। आयोजन के दौरान सभी सहभागी समितियों को सम्मानित किया जाएगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button