बालोद में सड़क हादसे में दो मासूमों की मौत: रॉन्ग साइड से आई कार ने बाइक को मारी टक्कर, पिता गंभीर घायल

बालोद, 21 सितम्बर 2026। डौंडीलोहारा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। देवरी थाना क्षेत्र के परसुली गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, परसुली निवासी पवन सोनकर रविवार रात अपने 3 वर्षीय बेटे हिमांशु सोनकर और 12 वर्षीय भतीजे नमन कुमार सोनकर के साथ बाइक क्रमांक CG 24 S 1107 से जा रहे थे। इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से देवरी की तरफ आ रही कार क्रमांक CG 08 AT 360 ने कथित तौर पर रॉन्ग साइड में जाकर बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। डायल-112 और एंबुलेंस की टीम ने घायलों को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को गंभीर हालत में राजनांदगांव रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान 3 वर्षीय हिमांशु सोनकर और 12 वर्षीय नमन कुमार सोनकर की मौत हो गई, जबकि पवन सोनकर का उपचार जारी है।
हादसे के बाद कार छोड़कर फरार हुए चालक और साथी
दुर्घटना के बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद व्यक्ति वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गए। देवरी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। पुलिस कार के नंबर के आधार पर चालक और उसके साथी की तलाश कर रही है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार और कार के रॉन्ग साइड में आने की बात सामने आई है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
दो मासूमों की मौत की खबर मिलते ही परसुली गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के साथ पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।



