सिंहदेव बोले- चुनाव में युवाओं को ज्यादा टिकट मिलेंगे: 50 से कम उम्र वालों को मौका, भूपेश-देवेंद्र के बीच टकराव से किया इनकार

बिलासपुर, 12 सितंबर 2026। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि आने वाले समय में पार्टी संगठन और चुनावों में युवाओं की भागीदारी बढ़ेगी। उन्होंने संकेत दिया कि 50 साल से कम उम्र के लोगों को विधानसभा और लोकसभा चुनाव में ज्यादा टिकट मिल सकते हैं।
बिलासपुर में आयोजित कांग्रेस के संभाग स्तरीय तीन दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन सिंहदेव ने कहा कि पंचायती राज और नगरीय निकाय चुनावों में बड़ी संख्या में युवा प्रतिनिधि सामने आ रहे हैं। विधानसभा और लोकसभा में भी युवा नेतृत्व आगे बढ़ रहा है। ऐसे में संगठन में भी युवाओं को अधिक अवसर मिलना स्वाभाविक है।
संगठन मजबूत करना प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य
सिंहदेव ने कहा कि संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर को किसी एक चुनाव की तैयारी के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। इसका उद्देश्य बूथ स्तर तक कांग्रेस संगठन को मजबूत करना और भविष्य की तैयारियों को बेहतर बनाना है।
उन्होंने बताया कि उदयपुर चिंतन शिविर-2022 में लिए गए निर्णयों को संगठन में लागू करने पर भी जोर दिया जा रहा है। बिलासपुर के बाद सरगुजा और फिर रायपुर संभाग में भी इस तरह के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
कांग्रेस संगठन में एसटी, एससी, ओबीसी, अल्पसंख्यक और महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने की दिशा में काम किया जा रहा है। इन वर्गों की संगठन में कम से कम 50 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर है।
भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव में टकराव से किया इनकार
टीएस सिंहदेव ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और AICC सचिव देवेंद्र यादव के बीच टकराव की चर्चाओं को खारिज किया। उन्होंने कहा कि जब ढाई साल के मुख्यमंत्री वाले मुद्दे पर चर्चा चल रही थी, तब देवेंद्र यादव भूपेश बघेल के साथ खड़े थे। इसलिए दोनों नेताओं के बीच टकराव की बात सही नहीं है।
यूथ कांग्रेस चुनाव में वरिष्ठ नेता हस्तक्षेप न करें
यूथ कांग्रेस चुनाव में एक पद के लिए कई दावेदारों को सिंहदेव ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव में कई लोगों का दावेदारी करना स्वाभाविक है। वरिष्ठ नेताओं को अनावश्यक हस्तक्षेप करने के बजाय सभी को लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ने देना चाहिए।
सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास के बड़े बेटे ढाल दास के कांग्रेस में शामिल होने पर उन्होंने कहा कि देश में हो रही घटनाओं से चिंतित लोग कांग्रेस से जुड़कर देशहित में काम करना चाहते हैं।
पीएम आवास के आंकड़ों पर सरकार से श्वेतपत्र की मांग
प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सिंहदेव ने सरकार के आंकड़ों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले 18 लाख आवास की बात कही गई, बाद में केंद्र की ओर से 9 लाख आवास का आंकड़ा सामने आया और अब 11 लाख आवास की जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने सरकार से श्वेतपत्र जारी करने की मांग की। सिंहदेव ने कहा कि इससे स्पष्ट होना चाहिए कि कितने आवास स्वीकृत हुए, कितने बनकर तैयार हुए और कितने परिवारों को योजना का लाभ मिला।
प्रशिक्षण शिविर में पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित कई कांग्रेस नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। विधायक दिलीप लहरिया, पूर्व विधायक शैलेष पांडेय, सियाराम कौशिक, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी शामिल हुए।



