छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में पुरोहित पर गैंती से हमला: ‘भाग ब्राह्मण भाग’ कहने का आरोप; ब्राह्मण समाज में आक्रोश

रायपुर, 09 सितम्बर 2026 टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर में राधाकृष्ण मंदिर से रामायण पाठ पूरा कर घर लौट रहे पुरोहित त्रिभुवन तिवारी पर एक अज्ञात व्यक्ति ने गैंती से हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावर ने पीछे से आकर उन्हें “भाग ब्राह्मण, भाग” कहते हुए गाली-गलौज की और दाहिनी जांघ के पास गैंती से वार कर दिया। घटना के बाद ब्राह्मण समाज में आक्रोश है और आरोपित की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।

सावन में पूरे महीने करते हैं रामायण पाठ

त्रिभुवन तिवारी सावन माह में संजय नगर स्थित राधाकृष्ण मंदिर में पूरे महीने रामायण पाठ करते हैं। 6 सितंबर को श्रावणी रामायण पाठ की पूर्णता थी। पाठ पूरा होने के बाद सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच वह मंदिर से अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान पीछे से एक व्यक्ति उनके पास आया। आरोप है कि उसने पहले उन्हें वहां से चले जाने के लिए कहा और गाली-गलौज की। इसके बाद कंधे पर रखी गैंती से उनकी दाहिनी जांघ के पास वार कर दिया। हमले में उन्हें चोट आई।

लोगों ने घटना देखी, पर हमलावर मौके से फरार

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने वारदात को देखा और सुना। हमले के बाद त्रिभुवन तिवारी ने अपने स्वजन और राधाकृष्ण मंदिर के संचालक सुभाष तिवारी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह टिकरापारा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि हमलावर को वह फिलहाल नाम से नहीं जानते, लेकिन यदि वह दोबारा सामने आता है तो उसे देखकर पहचान सकते हैं।

पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ दर्ज किया मामला

टिकरापारा पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास मौजूद संभावित साक्ष्यों के आधार पर हमलावर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि आरोपित की पहचान होने के बाद ही हमले की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

ब्राह्मण समाज में नाराजगी

घटना की जानकारी सामने आने के बाद ब्राह्मण समाज के लोगों में नाराजगी है। समाज की ओर से पुलिस प्रशासन से आरोपित की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई है। समाज के लोगों ने घटना को गंभीर बताते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपित की तलाश की जा रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button