रायपुर में नाली में फंसी स्कॉर्पियो से 5 क्विंटल गांजा बरामद : मोहल्लेवासियों ने शक पर ली तलाशी; ड्राइवर मौके से फरार

रायपुर, 25 अगस्त 2026
रायपुर में गांजा तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। डीडी नगर थाना क्षेत्र में मोहल्लेवासियों की सतर्कता से स्कॉर्पियो वाहन से करीब 5 क्विंटल गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने गांजा और वाहन को जब्त कर लिया है, जबकि स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह महासमुंद पासिंग सफेद रंग की स्कॉर्पियो क्रमांक CG 06 HE 9900 मोहल्ले की नाली में फंस गई। वाहन फंसने के बाद चालक घबरा गया और मौके से भाग निकला। चालक के व्यवहार पर स्थानीय लोगों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो के अंदर भारी मात्रा में गांजा मिला। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को अपने कब्जे में लेकर गांजा जब्त कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की मात्रा करीब 5 क्विंटल बताई जा रही है। वाहन चालक की तलाश की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे रायपुर में कहां पहुंचाया जाना था।
इस मामले ने राजधानी में गांजा तस्करी और पुलिस की चेकिंग व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा लेकर वाहन राजधानी तक पहुंच गया, लेकिन रास्ते में वाहन की जांच क्यों नहीं हुई, यह भी जांच का विषय है।
फिलहाल पुलिस ने वाहन और गांजा जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश के साथ ही पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।



