छत्तीसगढ़

तखतपुर में शेरनी के हमले से युवक की मौत, जंगल में शव के साथ भी किया नुकसान, शावक के साथ मौजूद होने से ग्रामीणों में डर

बिलासपुर। तखतपुर क्षेत्र के जुनापारा चौकी अंतर्गत ग्राम बांधा में शेरनी के हमले से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बांधा निवासी धरम दास घृतलहरे जोगीपुर जंगल के फॉरेस्ट बीट आरए-98 क्षेत्र में बांस से निकलने वाला करिल काटने और पीहरी लेने गया था। इसी दौरान जंगल में अचानक शेरनी ने उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक की गर्दन पर गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शेरनी ने युवक के शव को भी नुकसान पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि शेरनी अपने शावक के साथ घटनास्थल के आसपास ही मौजूद है। इसके चलते ग्रामीणों में और अधिक भय बना हुआ है। वन विभाग ने लोगों को जंगल की ओर नहीं जाने की हिदायत दी है।

घटना की सूचना मिलते ही जुनापारा पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। वहीं वन विभाग की टीम भी क्षेत्र का जायजा लेकर वन्यजीव की गतिविधियों पर नजर रख रही है। अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद ही घटना और शेरनी की मौजूदगी को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

फिलहाल ग्रामीणों को सावधानी बरतने और जंगल क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीव सुरक्षा को लेकर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button