CG में 9 IFS अधिकारियों का तबादला : सौरभ ठाकुर को सरगुजा और दिनेश पटेल को अचानकमार टाइगर रिजर्व की कमान, देखें आदेश…

रायपुर, 21 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से भारतीय वन सेवा (IFS) के अधिकारियों की नवीन पदस्थापना का आदेश जारी किया है। आदेश के तहत 9 IFS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी पदस्थापनाएं आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावी रहेंगी।
आदेश के अनुसार 2017 बैच के IFS अधिकारी सौरभ सिंह ठाकुर को गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व, बैकुण्ठपुर के उप संचालक पद से हटाकर हाथी रिजर्व, सरगुजा, अंबिकापुर का उप संचालक बनाया गया है।

2018 बैच के दिनेश कुमार पटेल को वन उप संरक्षक (प्रादेशिक), मोहला से स्थानांतरित कर अचानकमार टाइगर रिजर्व, लोरमी का उप संचालक बनाया गया है।
2019 बैच के गणेश यू.आर. को अचानकमार टाइगर रिजर्व के उप संचालक पद से हटाकर वनमंडल अधिकारी, अनुसंधान एवं विस्तार वन मंडल बिलासपुर की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें संचालक, अचानकमार-अमरकंटक बायोस्फियर रिजर्व, बिलासपुर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
2021 बैच के अभिनव कुमार को वन उप संरक्षक (प्रादेशिक), मुंगेली से स्थानांतरित कर वन उप संरक्षक (प्रादेशिक), मोहला पदस्थ किया गया है।
2022 बैच के एस. नवीन कुमार को कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, जगदलपुर का संचालक बनाया गया है। वहीं 2023 बैच के गौतम पादीभर को उप वनमंडलाधिकारी, गौरेला वनमंडल मरवाही से स्थानांतरित कर पश्चिम भानुप्रतापपुर का वन उप संरक्षक (प्रादेशिक) बनाया गया है।
2023 बैच की श्वेता कम्बोज को उप वनमंडलाधिकारी, अंबिकापुर वनमंडल से स्थानांतरित कर गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व, बैकुण्ठपुर की उप संचालक की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह 2023 बैच के सुमेध संजय सुरवणे को उप वनमंडलाधिकारी, सुकमा से स्थानांतरित कर इंद्रावती टाइगर रिजर्व, बीजापुर का उप संचालक बनाया गया है। वहीं तन्मय कौशिक को उप वनमंडलाधिकारी, रायगढ़ से स्थानांतरित कर वन उप संरक्षक (प्रादेशिक), मुंगेली पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा 2011 बैच की सुश्री स्टायलो मंडावी, जो प्रभारी मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) एवं क्षेत्र निदेशक, इंद्रावती टाइगर रिजर्व, जगदलपुर तथा अतिरिक्त प्रभार मुख्य वन संरक्षक (प्रादेशिक), जगदलपुर संभाल रही हैं, को विभाग के पूर्व आदेश के पालन में उत्तम कुमार गुप्ता के कार्यभार ग्रहण करने के दिन से मुख्य वन संरक्षक (प्रादेशिक), जगदलपुर के अतिरिक्त शेष प्रभार से मुक्त किया जाएगा।
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के विशेष सचिव जे.पी. पाठक ने राज्यपाल के नाम से तथा उनके आदेशानुसार यह आदेश जारी किया है।



