दामापुर में लिंक कोर्ट की सौगात: भावना बोहरा के प्रयासों से मिली मंजूरी, किसानों को गांव के पास मिलेंगी राजस्व सेवाएं

पंडरिया, 20 अगस्त 2026
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत दामापुर में लिंक कोर्ट (नवीन उप तहसील) की स्थापना को स्वीकृति मिल गई है। विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से मिली इस सौगात से दामापुर और आसपास के ग्रामीणों को अब राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा का आभार जताते हुए दामापुर सहित आसपास के ग्रामीणों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लिंक कोर्ट शुरू होने से लोगों के समय, धन और श्रम की बचत होगी तथा प्रशासनिक सेवाएं उनके क्षेत्र के नजदीक उपलब्ध होंगी।
इससे पहले पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के पांडातराई और रणवीरपुर में भी नवीन उप तहसील की स्थापना विधायक के प्रयासों से की गई है। अब दामापुर में लिंक कोर्ट की मंजूरी से क्षेत्र के हजारों किसानों और ग्रामीण परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
लिंक कोर्ट के माध्यम से खसरा-खतौनी, नक्शा, नामांतरण, जमीन का बंटवारा, जमाबंदी, लगान, राजस्व वसूली और ऋण मुक्ति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न राजस्व संबंधी कार्य स्थानीय स्तर पर कराए जा सकेंगे। इसके अलावा प्रशासनिक शिकायतों के निराकरण में भी लोगों को सुविधा मिलेगी।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि दामापुर में लिंक कोर्ट की स्थापना सुशासन और प्रशासन को जनता के करीब लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विशेष रूप से किसान, महिलाएं, बुजुर्ग और ग्रामीण नागरिक लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ने से रोजगार और छोटे व्यवसायों को भी अप्रत्यक्ष रूप से बढ़ावा मिलेगा।



