छत्तीसगढ़

गरियाबंद में उफनते नाले ने ली ग्रामीण की जान: रोकते रहे लोग, नहीं माने… तेज बहाव में बहे, 5 KM दूर मिला शव

गरियाबंद। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। तेज बहाव के बावजूद सरगी नाला पार करने की कोशिश कर रहे 55 वर्षीय ग्रामीण पानी की धारा में बह गए। करीब एक घंटे की तलाश के बाद उनका शव घटनास्थल से लगभग 5 किलोमीटर दूर बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, सहसपुर निवासी थनवार यादव (55) बुधवार सुबह अपने एक साथी के साथ धूर्सा गांव आए थे। सुबह करीब 7 बजे लगातार बारिश के कारण सरगी नाला का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। वापसी के दौरान उनके साथी और आसपास मौजूद लोगों ने तेज बहाव को देखते हुए नाला पार करने से मना किया, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए नाला पार करने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही थनवार यादव तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंचे, पानी की तेज धारा उन्हें बहाकर ले गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने तलाश अभियान शुरू किया।

करीब एक घंटे बाद उनका शव घटनास्थल से लगभग 5 किलोमीटर दूर बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

लगातार हो रही बारिश के कारण प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उफनते नदी-नालों को पार करने की कोशिश न करें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button