छत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा में तड़के बड़ा सड़क हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, 10 से ज्यादा घायल, जवानों ने किया रेस्क्यू

दंतेवाड़ा, 28 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भांसी थाना क्षेत्र के धुरली के पास महेंद्रा ट्रेवल्स की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 10 से 12 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया।

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 4:30 बजे हुई। बस में कई यात्री सवार थे। अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही भांसी क्षेत्र में तैनात सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंचे। जवानों ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल, जबकि अन्य को बचेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस भी मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के अनियंत्रित होने से हादसा हुआ, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button