
सूरजपुर, 27 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में प्रेम संबंध के शक ने एक 19 वर्षीय युवती की जान ले ली। रविवार रात नेहरू पार्क में एक युवक ने अपनी प्रेमिका के गले पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू गले के आर-पार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवती मदद के लिए कुछ दूर तक दौड़ी, लेकिन खून से लथपथ होकर गिर पड़ी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान राधिका राजवाड़े (19) के रूप में हुई है, जो लटोरी की रहने वाली थी और सूरजपुर में एक अधिवक्ता के घर घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी। रविवार शाम वह घर से निकलकर नेहरू पार्क पहुंची, जहां पहले से मौजूद आरोपी ने उस पर हमला कर दिया और बाइक से फरार हो गया।
घायल राधिका को पहले जिला अस्पताल और बाद में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। गले में गंभीर चोट होने के कारण वह बोल नहीं पा रही थी। पुलिस पूछताछ के दौरान उसने इशारे से कागज और पेन मांगा तथा मरने से पहले आरोपी रितेश राजवाड़े का नाम लिखकर बताया।
घटना के बाद पुलिस ने पार्क और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर देर रात उसे हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तारी के समय आरोपी नशे की हालत में था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रितेश और राधिका के बीच प्रेम संबंध था। पुलिस के मुताबिक आरोपी को शक था कि युवती का किसी अन्य युवक से भी संबंध है। इसी शक में उसने फोन कर राधिका को नेहरू पार्क बुलाया और चाकू से हमला कर दिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।



