छत्तीसगढ़

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन मेहरबान रहेगा मानसून, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट; राजधानी समेत प्रदेशभर में गिरा तापमान

रायपुर, 27 जुलाई। छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है, जबकि कुछ जिलों में भारी वर्षा और तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। लगातार बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है तथा कई इलाकों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

राजधानी रायपुर में रविवार को हुई हल्की बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक बसना, सरायपाली, सोनाखान, पिथौरा, बिलाईगढ़, सारंगढ़, बगीचा, कोरबा समेत कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। रविवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी 23 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज हुआ।

विभाग ने उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, मध्यम से भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।

इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, रायपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अब तक सामान्य से लगभग 20 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है, लेकिन अगले चार दिनों में सक्रिय मानसून के चलते बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है। इससे किसानों के साथ-साथ जलाशयों और जलस्रोतों को भी राहत मिलने की संभावना है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button