रायपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट: तेज हवाएं, बिजली गिरने की चेतावनी; मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी

रायपुर, 26 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में रविवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। रायपुर समेत मध्य क्षेत्र के कई जिलों में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को अनावश्यक यात्रा और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका और सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। राजधानी रायपुर में सुबह से बादल छाए हुए हैं और दिनभर बारिश की संभावना है। हालांकि अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
प्रदेश में रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और बिलासपुर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा सुकमा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने, सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। रविवार को घूमने या लंबी दूरी की यात्रा की योजना बनाने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी लेने के बाद ही सफर करने की सलाह दी गई है।



