धमतरी में EOW की रेड: 2004 के लोक कला जत्था घोटाले की जांच में मेडिकल स्टोर से अहम दस्तावेज जब्त

धमतरी, 24 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शुक्रवार सुबह आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की टीम ने शहर के नया बस स्टैंड के पास स्थित अनिल मेडिकल स्टोर पर छापेमार कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई से मेडिकल कारोबारियों और व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई वर्ष 2004 के कथित लोक कला जत्था योजना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हुई करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में की गई। जांच के दौरान अनिल मेडिकल स्टोर का नाम सामने आने के बाद EOW ने यहां दबिश दी।
EOW की टीम सुबह तड़के मेडिकल स्टोर पहुंची और कई घंटों तक दस्तावेजों की गहन जांच की। इस दौरान दुकान संचालकों से पूछताछ भी की गई। कार्रवाई पूरी होने के बाद टीम अपने साथ कई महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज जब्त कर ले गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जब्त किए गए दस्तावेजों से लोक कला जत्था घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अन्य अहम तथ्यों का खुलासा हो सकता है। फिलहाल EOW की टीम दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है। मामले में अभी किसी गिरफ्तारी या आधिकारिक बयान की जानकारी सामने नहीं आई है।
इस कार्रवाई के बाद धमतरी में दिनभर चर्चाओं का दौर जारी रहा। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।



