छत्तीसगढ़

CM हेल्पलाइन पर शिकायत, फिर ताबड़तोड़ छापेमारी: अवैध रेत-गिट्टी परिवहन करते 6 ट्रैक्टर जब्त, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

रायपुर, 15 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076) में दर्ज शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के खनिज विभाग ने अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर रेत और गिट्टी से भरे 6 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। कार्रवाई नवपदस्थ कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर की गई।

प्रशासन के अनुसार, सीएम हेल्पलाइन में शिकायत मिलते ही कलेक्टर ने जिला खनिज विभाग को तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान कोलबिर्रा और रुमगा क्षेत्र से रेत से भरे 3 ट्रैक्टर, खंता और पिपरिया क्षेत्र से 2 ट्रैक्टर तथा सधवानी क्षेत्र से गिट्टी से भरा 1 ट्रैक्टर अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। सभी छह वाहनों को मौके पर जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

खनिज विभाग ने संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अर्थदंड और समझौता राशि जमा करने के बाद ही नियमानुसार जब्त वाहनों को छोड़ा जाएगा।

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त हर शिकायत का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और शासन के राजस्व हित सुरक्षित रह सकें।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनिज उत्खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो उसकी सूचना सीएम हेल्पलाइन या संबंधित विभाग को दें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button