जशपुर में भीषण सड़क हादसा: हाईवा और कार की आमने-सामने टक्कर, दो कारोबारियों की मौके पर मौत

जशपुर, 11 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा तपकरा थाना क्षेत्र के उड़ीसा-कुनकुरी मार्ग पर लवाकेरा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार हाईवा ट्रक और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक कुनकुरी के जूता-चप्पल व्यवसायी बताए जा रहे हैं। दोनों कार सवार उड़ीसा से कुनकुरी लौट रहे थे। इसी दौरान लवाकेरा के पास सामने से आ रहे हाईवा ट्रक से उनकी कार की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तपकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद शव कार में बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की जताई जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।



