खेलछत्तीसगढ़

रायपुर क्रिकेट स्टेडियम पर NGT सख्त: जवाब नहीं देने पर खेल आयोजनों पर लगी रोक, मचा हड़कंप

रायपुर, 11 जुलाई 2026

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने जल संरक्षण और भूजल के उपयोग से जुड़े मामले में बड़ा अंतरिम आदेश जारी करते हुए रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम सहित देश के तीन प्रमुख अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर रोक लगा दी है। यह कार्रवाई एनजीटी और केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (CGWA) द्वारा जारी नोटिसों का समय पर जवाब नहीं देने के कारण की गई है।

एनजीटी के आदेश के अनुसार, अब रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुंबई के डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम और जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में बिना अधिकरण की अनुमति के किसी भी प्रकार की खेल गतिविधि या आयोजन नहीं किए जा सकेंगे। मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त 2026 को निर्धारित की गई है।

अधिकरण ने अपने आदेश में कहा कि देश के कई हिस्सों में गंभीर जल संकट की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में बड़े खेल परिसरों की जिम्मेदारी है कि वे जल संरक्षण के नियमों का पालन करें और भूजल के अनियंत्रित उपयोग से बचें। एनजीटी ने स्टेडियमों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग और पानी के पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) जैसी व्यवस्थाओं को पर्याप्त नहीं मानते हुए नाराजगी भी जताई।

बार-बार नोटिस के बावजूद नहीं दिया जवाब

जानकारी के अनुसार, केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (CGWA) और एनजीटी ने संबंधित स्टेडियमों को कई बार नोटिस जारी कर मैदान और पिचों के रखरखाव में इस्तेमाल होने वाले पानी के स्रोत, जल प्रबंधन प्रणाली और भूजल उपयोग की जानकारी मांगी थी। हालांकि रायपुर, जयपुर और मुंबई के स्टेडियमों ने निर्धारित समय में जवाब प्रस्तुत नहीं किया, जिसके चलते एनजीटी ने अंतरिम प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया।

अप्रैल में छह स्टेडियमों से मांगी गई थी जानकारी

गौरतलब है कि अप्रैल 2026 में एनजीटी ने देश के छह प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों से जल प्रबंधन को लेकर विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। इनमें रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नई दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम, लखनऊ का भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम, कटक का बाराबती स्टेडियम, जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम और मुंबई का डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम शामिल थे।

इनमें अरुण जेटली स्टेडियम और इकाना स्टेडियम ने अपना जवाब दाखिल कर दिया है, जबकि बाराबती स्टेडियम ने जवाब प्रस्तुत करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। वहीं रायपुर, जयपुर और मुंबई के स्टेडियमों की ओर से जवाब नहीं मिलने पर एनजीटी ने अंतरिम रोक लगाने का आदेश जारी किया है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button