छत्तीसगढ़

CG Weather Alert: मानसून ने फिर पकड़ी रफ्तार, 4 दिन तक बारिश का अनुमान; कई जिलों में बिजली गिरने का खतरा

रायपुर, 09 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में तीन दिनों की राहत के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।

हालांकि बारिश की गतिविधियां बढ़ने के बावजूद प्रदेश में अब तक सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। 1 जून से 8 जुलाई तक छत्तीसगढ़ में औसतन 239.2 मिमी बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य रूप से 286.7 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी। यानी अब तक राज्य में करीब 17 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

रायपुर में आज ऐसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मंगलवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कई जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश

राज्य के कुछ जिलों में मानसून मेहरबान भी रहा है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ में अब तक 450.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 84 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा दंतेवाड़ा, मुंगेली, सक्ती, महासमुंद, रायपुर और जांजगीर-चांपा में भी सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

सरगुजा में सबसे कम बरसा पानी

वहीं सरगुजा जिले में अब तक केवल 144.4 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 53 प्रतिशत कम है। इसके अलावा कांकेर, जशपुर, कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मोहला-मानपुर-चौकी, कोंडागांव, बेमेतरा, सुकमा और सूरजपुर में भी सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है।

बारिश से बढ़ीं मुश्किलें

लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। बालोद जिले में लगातार बारिश से जमीन धंसने की घटना सामने आई है, जबकि सारंगढ़ के माड़ोसिल्ली झरने का जलस्तर बढ़ने से वहां का प्राकृतिक सौंदर्य और निखर गया है।

मौसम विभाग ने लोगों को अगले कुछ दिनों तक मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और गरज-चमक के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button