छत्तीसगढ़

पुल के बीच बिगड़े कैप्सूल और ट्रेलर, थम गई रफ्तार: बलौदाबाजार–जांजगीर रोड पर लगा लंबा जाम, परेशान रहे लोग

बलौदाबाजार, 08 जुलाई 2026। जिले के गिधौरी स्थित शबरी पुल पर बुधवार सुबह बड़ा यातायात संकट खड़ा हो गया। पुल के बीचों-बीच एक कैप्सूल वाहन और ट्रेलर के खराब हो जाने से बलौदाबाजार और जांजगीर-चांपा के बीच आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। पिछले करीब दो घंटे तक पुल के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लगी रही, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, शबरी पुल के बीच में पहले एक कैप्सूल वाहन खराब हुआ, जिसके बाद वहीं एक ट्रेलर भी बंद पड़ गया। दोनों भारी वाहनों के पुल पर फंस जाने से मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। देखते ही देखते पुल के दोनों सिरों पर लंबा जाम लग गया और कई यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे।

शबरी पुल बलौदाबाजार और जांजगीर-चांपा जिले को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में यात्री वाहन, मालवाहक ट्रक और अन्य भारी वाहन गुजरते हैं। ऐसे में पुल पर यातायात बाधित होने से दोनों जिलों के बीच आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई।

सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। खराब पड़े दोनों वाहनों को हटाने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि जल्द से जल्द यातायात सामान्य कराया जा सके। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button