
रायपुर, 6 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर जिले के समोदा में 112 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इस दौरान वे 21 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए 67 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 90 करोड़ 34 लाख रुपये की लागत वाले 29 नए निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव करेंगे। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण तथा रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब तथा सांसद बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री आरंग क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोक निर्माण विभाग के 9 करोड़ 43 लाख रुपये के तीन कार्यों, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के 79 लाख रुपये के पांच कार्यों, नगर पंचायत समोदा के 6 करोड़ 67 लाख रुपये के 20 कार्यों तथा आरंग नगर पालिका के 4 करोड़ 78 लाख रुपये के 39 कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
इसके साथ ही वे लोक निर्माण विभाग के 61 करोड़ 11 लाख रुपये लागत के आठ कार्यों, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के 2 करोड़ 54 लाख रुपये के 11 कार्यों तथा नगर पंचायत समोदा के 8 करोड़ 70 लाख रुपये के नौ कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री नवा रायपुर के सेक्टर-17 स्थित कोटरा भाठा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 100 बिस्तरीय अस्पताल का भी भूमिपूजन करेंगे।
मुख्यमंत्री का आज का कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे रायपुर के अटल बिहारी बाजपेयी सभागृह, चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित विभिन्न निर्माण कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम से शुरू होगा। इसके बाद वे दोपहर 3:15 बजे पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 5 बजे कृषि विश्वविद्यालय प्रांगण में आयोजित जी मीडिया किसान चौपाल कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री सहभागिता करेंगे।



