छत्तीसगढ़

अंबिकापुर रोजगार मेला: चयनित युवाओं को मंत्री राजेश अग्रवाल ने दी बधाई, कहा- सरकार रोजगार के लिए प्रतिबद्ध

रायपुर। अंबिकापुर के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित संभाग स्तरीय रोजगार मेले में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने युवाओं से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता युवाओं को उनकी प्रतिभा, योग्यता और कौशल के अनुरूप बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

मंत्री ने कहा कि रोजगार मेले केवल नौकरी दिलाने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को नई दिशा देने का सशक्त मंच हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों और उद्योगों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य की राह मजबूत हो रही है। उन्होंने युवाओं से निरंतर कौशल विकास, आत्मविश्वास और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि बदलते समय में कौशल और दक्षता ही सफलता की सबसे बड़ी पूंजी है। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार विभिन्न विभागों के माध्यम से कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध कराने की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है, ताकि प्रदेश का हर युवा आत्मनिर्भर बन सके।

रोजगार मेले के माध्यम से चयनित युवाओं को बधाई देते हुए मंत्री ने कहा कि उनकी मेहनत, लगन और प्रतिभा परिवार, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करेगी। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विभिन्न निजी कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। रोजगार मेले में युवाओं ने उत्साहपूर्वक साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। यह आयोजन क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button