अपराधछत्तीसगढ़रायपुर

PSC घोटाले में ED का शिकंजा: राजनांदगांव में कृषि अधिकारी के घर छापा, भर्ती अनियमितताओं के दस्तावेज खंगाल रही टीम

राजनांदगांव, 03 जून 2026। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) भर्ती अनियमितता मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार सुबह ईडी की टीम ने राजनांदगांव के शिक्षक नगर स्थित कृषि विभाग के अधिकारी भास्कर गणवीर के आवास पर छापेमारी की। टीम दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, भास्कर गणवीर कृषि विभाग में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2020-22 की PSC भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और चयन प्रक्रिया को प्रभावित कर कुछ अभ्यर्थियों को लाभ पहुंचाने के आरोपों के संबंध में यह कार्रवाई की जा रही है।

ईडी अधिकारियों ने सुबह से ही आवास को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान घर के भीतर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। जांच एजेंसी भर्ती प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

गौरतलब है कि PSC भर्ती घोटाले की जांच में ईडी पहले भी कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। मामले के मुख्य आरोपी टामन सिंह सोनवानी वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद हैं। ईडी का दावा है कि भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के जरिए कुछ अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया था।

राजनांदगांव में हुई ताजा छापेमारी को PSC भर्ती घोटाले की जांच में एक अहम कड़ी माना जा रहा है। फिलहाल ईडी की जांच जारी है और एजेंसी की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button