
जगदलपुर, 02 जून 2026। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 133.3 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस को गुमराह करने के लिए बरामद पदार्थ को शिलाजीत बता रहा था, लेकिन जांच में उसकी चालाकी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी।
कोतवाली थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गोयलबाड़ी तिराहा के पास एक व्यक्ति अफीम बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके पास मौजूद पदार्थ शिलाजीत है, लेकिन एफएसएल किट से परीक्षण करने पर वह अफीम निकला।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगदीश चौधरी के रूप में हुई है, जो राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है। पुलिस जांच में सामने आया कि वह जगदलपुर में किराए के मकान में रहकर नशे का कारोबार चला रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 66,500 रुपये मूल्य की 133.3 ग्राम अफीम जब्त की है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(B) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। बस्तर पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
दुर्ग में कार के दरवाजे में छिपाकर ला रहे थे गांजा
इधर दुर्ग जिले में पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने उड़ीसा से गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करों ने 14.5 किलो गांजा कार के दरवाजों में बनाए गए गुप्त चेंबर में छिपा रखा था, लेकिन गांजे की तेज गंध ने पूरा खेल बिगाड़ दिया।
कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे पुलिस ने संदिग्ध क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान दरवाजों के भीतर छिपाए गए गांजे के पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने मुख्य तस्कर तीरथा ठेला और खरीदार किशन जगत को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से 14.5 किलो गांजा, क्रेटा कार, 22 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।



