अपराधछत्तीसगढ़

रामानुजगंज जंगल में बिछा था ‘मौत का तार’: सूअर के शिकार के चक्कर में 6 मवेशियों की दर्दनाक मौत

बलरामपुर 29 मई 2026 //बलरामपुर जिले के रामानुजगंज नगर के पास जंगल में करंटयुक्त GI तार की चपेट में आने से 6 भैंसों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना गुलगुलपाट क्षेत्र स्थित वन विभाग की नर्सरी के पास की है। बताया जा रहा है कि अज्ञात शिकारियों ने जंगली सूअर के शिकार के लिए जंगल में करंट फैलाकर तार बिछाया था।

वार्ड क्रमांक-15 निवासी अकलू यादव की भैंसें रोज की तरह जंगल में चरने गई थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। खोजबीन करने पर सभी भैंसें जंगल में मृत अवस्था में मिलीं। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, एक भैंस की कीमत करीब 50 हजार रुपए थी। ऐसे में पशुपालक को लगभग 3 लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है। परिवार का मुख्य सहारा पशुपालन ही था, जिससे अब उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि जिस रास्ते पर करंटयुक्त तार बिछाया गया था, वहां से वन विभाग के कर्मचारी और ग्रामीणों का रोजाना आना-जाना होता है। ऐसे में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब दो साल पहले भी इसी क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो चुकी है।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। सूचना मिलने पर रेंजर दिलरुबा बानो अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि भैंसों के पोस्टमार्टम के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button