
रायपुर, 29 मई 2026/ इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में कल से अगले तीन दिनों तक आमों की बहार रहेगी और पूरा परिसर आममय होगा। यहां 29 से 31 मई 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
इस महोत्सव का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका 29 मई को अपरान्ह 4 बजे करेंगे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम तथा सांसद बृजमोहन अग्रवाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं मोतीलाल साहू (विधायक रायपुर ग्रामीण), अनुज शर्मा (धरसींवा विधायक), चन्द्रहास चन्द्राकर (छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम अध्यक्ष), सुरेश चंन्द्रवंशी (छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण परिषद अध्यक्ष) तथा कुलपति गिरीश चंदेल विशिष्ट अतिथि रहेंगे।
इस आयोजन में आम की 250 से अधिक किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही उन्नत किस्मों के पौधे एवं फल बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।
देशी-विदेशी 250 से अधिक आम किस्मों की प्रदर्शनी
महोत्सव में विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
किसानों की व्यावसायिक किस्मों में दशहरी, लंगड़ा, चौसा, केसर, अलफांसो, तोतापरी, नीलम, पैरी, फजली आदि शामिल होंगे।
संकर किस्मों में मल्लिका, आम्रपाली, पूसा अरुणिमा, अम्बिका, रत्ना, सिंधु, अर्का पुनीत शामिल हैं।
विशिष्ट किस्मों में हाथीझूल, नूरजहां, लड्डू, गुलाब खास तथा आयातित (एक्जोटिक) किस्मों में मियाजाकी, टॉमी एटकिन्स, गोल्डन नगेट्स शामिल किए गए हैं।
आम आधारित प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक आयोजन
महोत्सव में आम से बने व्यंजनों की प्रतियोगिता, सजावट प्रतियोगिता, मैंगो क्विज, फैंसी ड्रेस तथा सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा।
आम उत्पादों जैसे आमरस, जैम, अचार, पना, शर्बत, नेक्टर, आरटीएस आदि की भी प्रतियोगिता होगी।
इसके अलावा प्रतिभागियों के लिए बोनसाई, मॉडल और सजावट प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
तकनीकी सत्र और मार्गदर्शन
30 मई को आम उत्पादन एवं समस्या समाधान विषय पर तकनीकी सत्र होगा, जिसमें किसानों को उन्नत उत्पादन, विपणन और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
31 मई को किसानों और उद्यमियों की सफलता की कहानियां प्रस्तुत की जाएंगी।
अंतिम दिन पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
इस आयोजन का उद्देश्य आम उत्पादन, प्रसंस्करण, रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा किसानों, विद्यार्थियों और नव उद्यमियों को इससे जोड़ना है।



