
भिलाई। खुर्सीपार के दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में क्रिकेट मैच के दौरान खुद को गृह मंत्री का OSD बताकर खिलाड़ियों पर धौंस जमाना एक युवक को भारी पड़ गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक 25 मई को स्टेडियम में क्रिकेट मैच चल रहा था। इसी दौरान आरोपी सर्वेश सिंह मैदान में पहुंचा और खिलाड़ियों के साथ अभद्रता करने लगा। उसने खुद को गृह मंत्री का ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) बताते हुए खिलाड़ियों पर दबाव बनाने और डराने-धमकाने की कोशिश की। घटना के बाद मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों में नाराजगी फैल गई।
मामले की शिकायत जयप्रकाश नामक व्यक्ति ने 27 मई को खुर्सीपार थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान सर्वेश सिंह (38) निवासी नेताजी चौक लिंक रोड, थाना जांजगीर, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। आरोपी खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताकर लोगों पर रौब जमाने की कोशिश कर रहा था। गिरफ्तार करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।



