
रायपुर, 19 मई 2026// राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित सराफा कारोबारी की दुकान से करीब 2 करोड़ रुपए के सोने के जेवर गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ गबन का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक कारोबारी सुरेश भंसाली की सदर बाजार में मनोहरमल एंड कंपनी नाम से ज्वेलरी शॉप है। दुकान में पिछले 16 साल से काम कर रहा कर्मचारी सूरज साहू रोजाना डिस्प्ले में रखे गए जेवरों को लॉकर में सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी संभालता था।
बताया जा रहा है कि 9 अप्रैल 2026 को दुकान बंद करने के दौरान आरोपी ने जेवर लॉकर में जमा करने के बजाय अपने पास रख लिए। शुरुआत में किसी को इसकी जानकारी नहीं हुई।
13 अप्रैल को स्टॉक मिलान के दौरान करीब 1495 ग्राम 670 मिलीग्राम सोना कम पाया गया। इसके बाद कारोबारी ने कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। जब दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो आरोपी कर्मचारी सूरज साहू शाम करीब 4 बजकर 21 मिनट पर जेवर लेकर जाते हुए दिखाई दिया।
गायब हुए सोने में अलग-अलग डिजाइन और किस्म के आभूषण शामिल हैं। बाजार मूल्य के हिसाब से चोरी गए सोने की कीमत करीब 2 करोड़ रुपए आंकी गई है।
कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह ने बताया कि आरोपी कर्मचारी के खिलाफ गबन का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



