
दुर्ग (छत्तीसगढ़)। जिले की सुपेला थाना पुलिस ने ज्वेलरी शॉप में हुई बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 60 लाख रुपये के सोने के गहने और 3.50 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
पीड़ित स्क्रैप कारोबारी विनय अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह परिवार सहित शादी में गया था, इसी दौरान चोरों ने उसके घर से लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके आधार पर टीम मेरठ और दिल्ली तक पहुंची, जहां से मुख्य आरोपी हासीम खान को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी फेरी वाला बनकर कई शहरों में रेकी करते थे और सूने मकानों को निशाना बनाते थे।
आरोपी रायपुर के मौदहापारा में किराए का मकान लेकर रहते थे और दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, नया रायपुर सहित कई शहरों में दरी-कालीन बेचने के बहाने रेकी करते थे। इसके बाद दिन में बंद घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
चोरी का सामान मेरठ के सलीम ज्वेलर्स को बेचा जाता था, जिसके संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बिलासपुर, नवा रायपुर और जबलपुर में भी वारदातें कबूली हैं। फिलहाल एक आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।



