देश में महंगाई का बड़ा झटका : पेट्रोल-डीजल के बाद CNG के दाम भी बढ़े, आम लोगों पर परिवहन खर्च का भारी दबाव

नई दिल्ली, 15 मई 2026/ देश में आम जनता को आज सुबह महंगाई का बड़ा झटका लगा है। पेट्रोल, डीजल और CNG—तीनों के दामों में एक साथ बढ़ोतरी की गई है। तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3-3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है, जबकि CNG भी 2 रुपये प्रति किलो तक महंगी हो गई है।
दिल्ली में अब CNG की नई कीमत 79.09 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। वहीं पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गई है। यह बढ़ोतरी करीब दो साल बाद दर्ज की गई है।
नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत एनसीआर क्षेत्रों में भी CNG की कीमतें बढ़कर 87 रुपये से 90 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई हैं। मुंबई में भी CNG पहले ही महंगी हो चुकी है, जहां नई दरें 84 रुपये प्रति किलो के आसपास पहुंच गई हैं।
तेल कंपनियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और सप्लाई बाधित होने के कारण लागत बढ़ी है, जिसका सीधा असर घरेलू बाजार पर पड़ा है।
इस बढ़ोतरी के बाद आम उपभोक्ताओं पर परिवहन और दैनिक खर्चों का अतिरिक्त बोझ बढ़ना तय माना जा रहा है।



