
रायपुर, 14 मई 2026। रायपुर नगर पालिक निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने गुरुवार को शहर की सफाई और अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लेने फाफाडीह स्थित छहमुहा नाला, देवेन्द्र नगर ट्रांसफर स्टेशन, सकरी प्लांट और निमोरा स्थित 90 एमएलडी एसटीपी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार और नियमों के पूर्ण पालन के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने फाफाडीह के छहमुहा नाला की सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को प्लेटफॉर्म बनाकर व्यवस्थित तरीके से नाले की सफाई कराने और निकले हुए कचरे का शीघ्र उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालों की नियमित सफाई से जलभराव और गंदगी की समस्या को नियंत्रित किया जा सकेगा।
इसके बाद आयुक्त ने देवेन्द्र नगर स्थित ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया और वहां निरंतर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रांसफर स्टेशन में कचरे के सुव्यवस्थित प्रबंधन से आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहेगी।
सकरी प्लांट के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्लांट का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप करने और व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निमोरा स्थित 90 एमएलडी क्षमता वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में आयुक्त ने जल शुद्धिकरण प्रक्रिया का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। उन्होंने एसटीपी में जल की अशुद्धियों को दूर कर शुद्धिकरण प्रक्रिया को और बेहतर तथा व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय, जोन-2 जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय और स्वच्छ भारत मिशन शाखा के नोडल अधिकारी एवं कार्यपालन अभियंता योगेश कडु उपस्थित रहे।



