असम में हिमंत बिस्वा सरमा का लगातार दूसरा कार्यकाल : आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, पीएम मोदी भी मौजूद

गुवाहाटी। असम में लगातार राजनीतिक इतिहास रचते हुए हिमंत बिस्वा सरमा आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह उनका लगातार दूसरा कार्यकाल होगा, जिससे वह राज्य में गैर-कांग्रेसी दल से दो बार मुख्यमंत्री बनने वाले पहले नेता बन जाएंगे।
राज्य में यह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का लगातार तीसरा कार्यकाल है। इससे पहले 2016 में सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व में भाजपा ने पहली बार सत्ता संभाली थी, जबकि 2021 में हिमंत बिस्वा सरमा मुख्यमंत्री बने थे।
शपथ ग्रहण समारोह गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज मैदान में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सहित कई वरिष्ठ नेता और 40 से अधिक एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री शामिल हो रहे हैं।
सरमा के साथ चार मंत्री भी शपथ लेंगे, जिनमें रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चारन बोरो और अजन्ता निओग शामिल हैं। इनमें दो मंत्री सहयोगी दलों—असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट—से होंगे।
कार्यक्रम को लेकर राजधानी गुवाहाटी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री मोदी भी सोमवार रात गुवाहाटी पहुंच चुके हैं और समारोह में शामिल होंगे। राजनीतिक दृष्टि से यह शपथ ग्रहण समारोह बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



