नासिक TCS केस में आज बड़ा दिन: मुख्य आरोपी निदा खान कोर्ट में पेश, ब्रेनवॉश के लिए भेजी थीं 171 धार्मिक लिंक

महाराष्ट्र के नासिक स्थित TCS कंपनी में कथित यौन उत्पीड़न और धर्मांतरण मामले में आज अहम सुनवाई होने जा रही है। मामले की मुख्य आरोपी निदा खान की पुलिस कस्टडी आज समाप्त हो रही है, जिसके बाद उसे नासिक रोड कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस जांच में दावा किया गया है कि निदा खान ने कथित तौर पर ब्रेनवॉश के लिए 171 धार्मिक लिंक भेजे थे। जांच एजेंसियों को उसके मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। मामले में AIMIM पार्षद मतीन पटेल से आर्थिक मदद मिलने की आशंका की भी जांच की जा रही है।
चार दिनों की पुलिस हिरासत के दौरान जांच टीम ने निदा खान से कई चरणों में पूछताछ की। साथ ही उसके परिवार के सदस्यों से भी जानकारी जुटाई गई। पुलिस टीम उसे उसके घर और TCS कंपनी भी लेकर गई, जहां घटना से जुड़े साक्ष्य इकट्ठा करने के लिए स्पॉट पंचनामा किया गया।
SIT प्रमुख संदीप मिटके ने आरोपी का ऑनलाइन जवाबी बयान दर्ज किया है। अब अदालत में सरकारी पक्ष जांच से जुड़े निष्कर्ष और आगे की पूछताछ की जरूरत को लेकर अपना पक्ष रखेगा। कोर्ट यह तय करेगी कि आरोपी की पुलिस कस्टडी बढ़ाई जाए या उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाए।
मामले में अन्य आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर भी सुनवाई होनी है। जमानत मांगने वालों में दानिश शेख, तौसिफ अत्तार, रजा मेमन, शाहरुख कुरैशी, शफी शेख, आसिफ अंसारी और TCS की ऑपरेशन मैनेजर अश्विनी चेनानी शामिल हैं।
आरोपियों पर यौन उत्पीड़न और धार्मिक भावनाएं आहत करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अब पूरे मामले पर सभी की नजरें अदालत के फैसले पर टिकी हैं।



