छत्तीसगढ़ BJP की कार्यसमिति बैठक 12-13 मई को: बंगाल-असम जीत पर प्रस्ताव, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर फोकस

रायपुर, 09 मई 2026// छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा की महत्वपूर्ण कार्यसमिति बैठक 12 और 13 मई को राजधानी रायपुर में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी, जिला अध्यक्षों, कोर ग्रुप के सदस्यों और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों की मौजूदगी रहेगी। बैठक को लेकर वन मंत्री केदार कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि इसमें संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार की जाएगी।
बैठक में मंडल और जिला स्तर पर आयोजित प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही पार्टी के आगामी राजनीतिक और जनसंपर्क कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय होगी। भाजपा संगठन आने वाले महीनों में विभिन्न अभियान और कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच सक्रियता बढ़ाने पर जोर देगा।
वन मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि बैठक में एक राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा। इस प्रस्ताव के जरिए पश्चिम बंगाल और असम चुनाव में भाजपा की जीत पर मतदाताओं का आभार व्यक्त किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी की रणनीति को लेकर चर्चा होगी।
प्रदेश भाजपा की यह बैठक आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन विस्तार के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है। पार्टी नेतृत्व संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर भी दिशा तय करेगा।



