अपराधछत्तीसगढ़रायपुर
Trending

रायपुर में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़: मास्टरमाइंड बाबू खेमानी गिरफ्तार, मुंबई-गोवा से चल रहा था नेटवर्क

रायपुर, 17 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टा गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले ढाई साल से सट्टे की आईडी बेचकर नेटवर्क चला रहा था, जिसे मुंबई और गोवा से ऑपरेट किया जा रहा था।

एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की टीम को 13 अप्रैल 2026 को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति आईपीएल मैचों पर मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले एक आरोपी को पकड़ा और पूछताछ के आधार पर मुंबई व गोवा में रेड की।

मुंबई और गोवा में रेड, कई आरोपी गिरफ्तार
मुंबई में रेड के दौरान बाबू खेमानी, रोहित सिंह और विशाल कश्यप को गिरफ्तार किया गया। वहीं गोवा में कार्रवाई कर 4 अन्य आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लैपटॉप, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, वाहन समेत लाखों रुपए का सामान जब्त किया है।

ढाई साल से चला रहा था सट्टे का नेटवर्क
पूछताछ में सामने आया कि बाबू खेमानी ने अपने भाई करण खेमानी और अन्य साथियों के साथ मिलकर सट्टा संचालन की योजना बनाई थी। सोशल मीडिया पर बड़ी फॉलोइंग का फायदा उठाकर उसने हाई प्रोफाइल ग्राहकों को जोड़ा और “3Stumps” व “55 Exchange” जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा चलाया।

देशभर में फैला था नेटवर्क
गिरोह के सदस्य अलग-अलग जिम्मेदारियां निभा रहे थे। कोई आईडी बांटता था, कोई बैंक खातों के जरिए लेन-देन संभालता था, तो कोई कलेक्शन एजेंट का काम करता था। आरोपियों द्वारा 20-30 हजार रुपए में बैंक खाते खरीदकर सट्टे का पैसा ट्रांजैक्ट किया जाता था।

विदेश कनेक्शन की भी जांच
पुलिस के अनुसार बाबू खेमानी कई बार दुबई और थाईलैंड जा चुका है, जिससे उसके अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन होने की भी आशंका है। मामले में दबाव बनाकर वसूली करने की बात भी सामने आई है, जिसकी अलग से जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button