अपराधछत्तीसगढ़

सोशल मीडिया का जुनून पड़ा भारी: थाने में रील बनाकर युवक ने बढ़ाई मुश्किलें, पुलिस ने साथी संग किया गिरफ्तार

दुर्ग (छत्तीसगढ़)। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह ने दो युवकों को जेल पहुंचा दिया। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में एक युवक ने थाने परिसर को ही रील बनाने का सेट बना डाला, जिसका वीडियो इंस्टाग्राम पर डालते ही मामला गरमा गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, हर्ष साहू उर्फ ‘हुक्का’ नाम का युवक सोशल मीडिया पर अपनी पहुंच (रीच) बढ़ाने के लिए उतई थाना परिसर के बाहर फिल्मी अंदाज में वीडियो शूट करता दिखा। वीडियो में वह “आज जेल कल बेल परसो फिर वही खेल” जैसे गाने पर स्वैग दिखाते हुए नजर आया। यह रील अपलोड होते ही तेजी से वायरल हो गई और करीब 47 हजार लोगों ने इसे देख लिया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए दुर्ग पुलिस ने इसे पुलिस की छवि खराब करने और थाना परिसर के दुरुपयोग के रूप में माना। इसके बाद उतई थाना पुलिस ने आरोपी हर्ष साहू को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने इस मामले में उसके साथी, स्टेशन मरोदा निवासी कनक चतुर्वेदी को भी गिरफ्तार किया है, जिसने वीडियो बनाने में सहयोग किया था।

बताया जा रहा है कि हर्ष साहू पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार हो चुका है और करीब 17 महीने जेल में रह चुका है।

पुलिस का कहना है कि थाना परिसर या सरकारी संस्थानों का इस तरह दुरुपयोग कर सोशल मीडिया कंटेंट बनाना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button