
रायपुर, 09 अप्रैल 2026/ मुख्य सचिव विकासशील ने राज्य शासन के सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत आई-गॉट (iGOT) ट्रेनिंग प्रोग्राम से अपने विभागों को अनिवार्य रूप से ऑन-बोर्ड करें। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी अपने मोबाइल के माध्यम से इस प्लेटफॉर्म से जुड़ें, ताकि उनकी आवश्यकता के अनुसार स्किल डेवलपमेंट और प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्य सचिव ने विभाग प्रमुखों से कहा कि वे अपने विभागों की जरूरत के मुताबिक ट्रेनिंग कोर्स तय करें, जिससे कर्मचारियों को बेहतर तरीके से प्रशिक्षित किया जा सके। आई-गॉट प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत साधना सप्ताह के अवसर पर कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य शासन के प्रमुख अधिकारी, विभागीय सचिव, संयुक्त सचिव, उप सचिव, अवर सचिव और अनुभाग अधिकारी शामिल हुए। सभी जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े।
कार्यशाला की शुरुआत में बताया गया कि कर्मचारियों को डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म, आई-गॉट और ई-एचआरएमएस (e-HRMS) से जोड़कर उनकी क्षमता और कौशल विकास को बढ़ावा देना है। मुख्य सचिव ने कहा कि इस प्लेटफॉर्म पर एआई (AI) का उपयोग बढ़ रहा है, जिससे कर्मचारियों को स्मार्ट और प्रभावी प्रशिक्षण मिलेगा।
उन्होंने 100% ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करने और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया। साथ ही यह भी बताया गया कि यह प्रशिक्षण केवल स्किल डेवलपमेंट तक सीमित नहीं है, बल्कि जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे कर्मचारी अपने विभाग की योजनाओं और कार्यप्रणाली को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।



