भटगांव में बैंक घोटाला: फर्जी दस्तावेजों से 31 लाख रुपये गायब, तीन आरोपित गिरफ्तार

भटगांव। कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बैंक खातों से 31 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में मुख्य आरोपित शिवा साहू (रायकोना), पारसनाथ साहू (चकरदा) और सूर्यकांत साहू उर्फ सोनू साहू (मोहतरा-न) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने बैंक कर्मचारियों के साथ मिलीभगत कर होल्ड खातों को फर्जी तरीके से अनहोल्ड कराया और रकम निकाल ली। इस मामले में एचडीएफसी बैंक बिलाईगढ़ और सारंगढ़ के बैंक प्रबंधकों ने 25 दिसंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच में पता चला कि आरोपितों ने थाना सरसींवा के पुराने प्रकरण में होल्ड किए गए खातों को फर्जी दस्तावेजों के जरिए अनहोल्ड कराया। इसके तहत ऋतु साहू के खाते से 21 लाख और शिवा साहू के खाते से करीब 10.34 लाख रुपये निकाल लिए गए। मामला थाना सरसींवा में दर्ज अपराध क्रमांक 389/2025 और 390/2025 के तहत विवेचना में है।
40 लाख की सामग्री जब्त
लंबे समय से फरार आरोपितों को पुलिस ने पतासाजी कर गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से इनोवा और सेलेरियो कार, जावा मोटरसाइकिल, एक्टिवा स्कूटी, लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल फोन और कूटरचित दस्तावेज जब्त किए गए। इनकी कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडेय और एसडीओपी विजय कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी वीणा यादव के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इसमें साइबर सेल और थाना स्टाफ की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब बैंककर्मियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।



