मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम करने बड़ी राहत : 9 बायपास सड़कों के लिए 448 करोड़ स्वीकृत, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा—राज्य में सड़कें आधुनिक और मजबूत होंगी

रायपुर, 06 अप्रैल 2026। मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम करने और तेज व सुव्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने नौ बायपास सड़कों के निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 448 करोड़ 13 लाख रुपए से अधिक की राशि मंजूर की है। उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने स्थानीय लोगों की जरूरतों को देखते हुए इन परियोजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए थे।
रायगढ़ जिले में तमनार बायपास (6 किमी) के लिए 152 करोड़ 17 लाख, रायगढ़ शहर में रिंग रोड (बायपास) के लिए 70 करोड़ 47 लाख, और खरसिया बायपास क्रमांक-3 के लिए 7 करोड़ 22 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
धमतरी जिले में भखारा बायपास (4 किमी) के लिए 14 करोड़ 94 लाख, नारी बायपास (1.5 किमी) के लिए 7 करोड़ 97 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। बलौदाबाजार में बलौदाबाजार बायपास (15 किमी) के लिए 88 करोड़ 68 लाख, और रिसदा बायपास (7 किमी) के लिए 20 करोड़ 99 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
बिलासपुर में कोनी-मोपका फोरलेन बायपास (13.40 किमी) के लिए 82 करोड़ 80 लाख, और बेमेतरा जिले में छिरहा बायपास (1.20 किमी) के लिए 2 करोड़ 89 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं।
उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा, “राज्य शासन शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में तेज, सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। बायपास सड़कों, पुलों और ओवरब्रिजों का निर्माण प्राथमिकता से किया जा रहा है, जिससे आवागमन अधिक स्मूथ और व्यवस्थित होगा। हम प्रदेश के समग्र विकास के लिए आधुनिक सड़क अधोसंरचना विकसित कर रहे हैं।”



