छत्तीसगढ़ में वन्यजीव तस्करी पर शिकंजा: बलरामपुर से 9 आरोपी पकड़े, तेंदुए की खाल बरामद

बलरामपुर, 4 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त टीम ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तेंदुए की 2 खाल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, वन अपराधों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (भोपाल), राज्य उड़नदस्ता (रायपुर) और वनमंडल बलरामपुर की टीम ने 2 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
टीम ने बसंतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमई मोड़ के पास एक मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उनके पास से तेंदुए की एक खाल बरामद हुई। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया, जिनके पास से एक और खाल जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर वन्यजीव तस्करी में सक्रिय था।
वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।



