
रायपुर। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिला। सुबह तड़के 4 बजे से ही शहर के हनुमान मंदिरों में पूजा-अभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया, जो पूरे दिन जारी रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
शहर के 1000 से अधिक हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा, महाआरती, सुंदरकांड पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। कई स्थानों पर भंडारे का भी आयोजन हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
शाम के समय मंदिरों में विशेष आरती, आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे पूरे शहर में उत्सव का माहौल और भव्य हो जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी राजधानी में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे शाम 6:45 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से नर्मदा कुंड मंदिर के लिए रवाना होंगे और वहां हनुमान जन्म महोत्सव में भाग लेकर पूजा-अर्चना करेंगे। कार्यक्रम के बाद वे रात 8:10 बजे वापस मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
त्योहार को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।



