
रायपुर, 30 मार्च 2026/ खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में हॉकी मुकाबले अब अपने रोमांचक दौर में पहुंच गए हैं। पांचवें दिन खेले गए मैचों में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
महिला हॉकी में मिजोरम, मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडिशा की टीमों ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए अंतिम चार में प्रवेश किया। दिन के मुकाबलों में गुजरात ने तमिलनाडु को 10-1 से हराया, जबकि ओडिशा ने झारखंड को 5-4 से मात दी। मिजोरम ने मध्यप्रदेश को 6-0 से हराया और छत्तीसगढ़ ने बिहार को 9-0 से पराजित किया। हालांकि शानदार जीत के बावजूद बेहतर गोल अंतर के आधार पर गुजरात और छत्तीसगढ़ सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सके। अब सेमीफाइनल में झारखंड का मुकाबला मिजोरम से और मध्यप्रदेश का सामना ओडिशा से होगा।
वहीं पुरुष हॉकी में मुकाबले और भी आक्रामक रहे। ओडिशा ने असम को 12-1 से हराया, मध्यप्रदेश ने गोवा को 11-2 से परास्त किया, झारखंड ने कर्नाटक को 3-1 से हराया और छत्तीसगढ़ ने आंध्रप्रदेश को 7-0 से करारी शिकस्त देते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस तरह पुरुष वर्ग में ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्यप्रदेश ने अंतिम चार में जगह बनाई।
छत्तीसगढ़ की पुरुष टीम ने आंध्रप्रदेश के खिलाफ शुरू से ही दबदबा बनाए रखा। मैच के पहले ही मिनट में गोल कर टीम ने बढ़त बना ली और पहले क्वार्टर में 3-0 से आगे हो गई। तेज गति, शानदार तालमेल और सटीक रणनीति के दम पर टीम ने पूरे मैच में विपक्ष को कोई मौका नहीं दिया और 7-0 से एकतरफा जीत दर्ज की।
सेमीफाइनल पर टिकी निगाहें
अब हॉकी प्रतियोगिता में मुकाबले और भी रोमांचक होने वाले हैं। सेमीफाइनल में पहुंची टीमें फाइनल में जगह बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगी। पुरुष वर्ग में छत्तीसगढ़ का मुकाबला ओडिशा से और झारखंड का सामना मध्यप्रदेश से होगा। वहीं महिला वर्ग में भी कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी। खिलाड़ियों का जोश और प्रदर्शन खेल प्रेमियों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है।



