
रायपुर, 27 मार्च 2026। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत राजधानी रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में महिला हॉकी प्रतियोगिता के तीसरे दिन एकतरफा मुकाबले देखने को मिले।
पूल ‘ए’ में मध्य प्रदेश ने बिहार को 9-0 से करारी शिकस्त दी। वहीं पूल ‘बी’ के मुकाबलों में झारखंड ने गुजरात को 16-0 और ओडिशा ने तमिलनाडु को 14-0 से हराकर अपना दबदबा साबित किया। सभी मैचों में विजेता टीमों ने शुरू से अंत तक खेल पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा।
गौरतलब है कि इस पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में देशभर के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 3,800 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में नौ खेलों के अंतर्गत कुल 106 स्वर्ण पदक दांव पर हैं।
तीरंदाजी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, तैराकी, वेटलिफ्टिंग और कुश्ती जैसे खेलों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं, जबकि मल्लखंब और कबड्डी को प्रदर्शन खेल के रूप में शामिल किया गया है।



