छत्तीसगढ़रायपुर
Trending

रामनवमी 2026: रायपुर शहर में भक्ति और उल्लास का माहौल, मठ-मंदिर जगमग, भक्तों ने लिया विशेष अभिषेक और महाप्रसाद

रायपुर। रामनवमी का पर्व आज पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर के मठ और राम मंदिरों को आकर्षक रोशनी और भव्य सजावट से सजाया गया है, और भगवान राम के जन्मोत्सव के अवसर पर सुबह से ही भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है।

करीब 500 साल पुराने दूधाधारी मठ और जैतूसाव मठ में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान राम, माता जानकी और लक्ष्मण का विशेष अभिषेक किया गया। महंत राम सुंदर दास ने सोने के मुकुट से भगवान का श्रृंगार किया।

वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है, और शाम को यहाँ भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। वहीं ब्राह्मणपारा स्थित सोहागा मंदिर में सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया है। शाम 5:30 बजे से भक्त मंडलियां भक्ति प्रस्तुतियां देंगी, इसके बाद मंगल आरती और प्रसाद वितरण होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

शांतिनगर श्रीराम मंदिर में विशेष पूजन और संकीर्तन का आयोजन हुआ। सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक सुंदरकांड पाठ किया गया, इसके बाद भजन-कीर्तन और आरती हुई। दोपहर 2 बजे तक महाप्रसाद भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

समता कॉलोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ में भी रामनवमी के अवसर पर महापूर्णाहुति का आयोजन किया गया। यहां पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ चल रहा है, जिसमें श्रद्धालु यज्ञ में आहुति देकर जनकल्याण, समाज कल्याण और राष्ट्र कल्याण की कामना कर रहे हैं।

रायपुर के विभिन्न मंदिरों और मठों में रामनवमी के उल्लास के बीच श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ उमड़ी हुई है। सुबह से ही भजन-कीर्तन, आरती और मंदिर सजावट का माहौल शहरवासियों के चेहरों पर उत्साह और आनंद ला रहा है।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button