पांच चुनावी राज्यों में चुनाव आयोग की बड़ी कार्रवाई: 408 करोड़ की नकदी, शराब और ड्रग्स जब्त

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को जानकारी दी है कि आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए 408.82 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध सामग्री जब्त की गई। यह कार्रवाई पिछले महीने 26 फरवरी से लागू इलेक्ट्रॉनिक सीजर प्रबंधन प्रणाली (ईएसएमएस) के तहत की गई।
चुनाव आयोग ने 15 मार्च को असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की थी। इसके बाद से आयोग ने अवैध लेन-देन और चुनावी अनियमितताओं पर कड़ी निगरानी रखी।
जब्त सामग्री का विवरण
आयोग ने बताया कि कुल 408.82 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध सामग्री जब्त की गई, जिसमें शामिल हैं:
- नकद: 17.44 करोड़ रुपये
- शराब: 37.68 करोड़ रुपये (लगभग 16.3 लाख लीटर)
- ड्रग्स: 167.38 करोड़ रुपये
- कीमती धातुएं: 23 करोड़ रुपये
- अन्य उपहार और सामग्री: 163.30 करोड़ रुपये
शिकायत निपटान और निगरानी
15 से 25 मार्च के बीच सी-विजिल एप्लिकेशन का उपयोग करके 70,944 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 70,831 का निपटारा कर दिया गया, और 67,899 शिकायतें (लगभग 95.8 प्रतिशत) सिर्फ 100 मिनट में हल की गईं।
चुनाव आयोग ने अवैध गतिविधियों और चुनावी अनियमितताओं को रोकने के लिए पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 5,173 उड़नदस्ते और 5,200 से अधिक निगरानी टीमों को तैनात किया। ये टीमें प्रमुख स्थानों पर आकस्मिक जांच और सतर्कता के लिए लगातार निगरानी कर रही हैं।
चुनाव आयोग ने कहा कि यह कार्रवाई चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने और मतदाताओं पर अनियंत्रित प्रभाव को रोकने के लिए महत्वपूर्ण है।



