
रायपुर: पुलिस ने फर्जी मुख्तयार नामे और बाउंड्री वॉल तोड़कर जमीन पर कब्जा करने के दो मामले दर्ज किए हैं। इनमें से एक मामले में कांग्रेस के पूर्व पार्षद राकेश धोतरे पर कार्रवाई की गई है।
श्याम नगर तेलीबांधा निवासी अनिल बालानी (55) ने मंगलवार शाम खम्हारडीह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि राकेश धोतरे ने अनिल के भूखंड पर बनी बाउंड्री वॉल तोड़कर कब्जा करने का प्रयास किया। यह घटना 25 फरवरी से 2 मार्च के बीच की बताई गई है। पुलिस ने धारा 324, 5, 329, 351-2 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फर्जी दस्तावेज से जमीन हथियाने का प्रयास
खमतराई पुलिस ने रावांभाठा निवासी वृद्धा बिंदा बाई साहू (71) की शिकायत पर मनीष सिंह, राजकुमार साहू और महेंद्र कुमार के खिलाफ भी FIR दर्ज की है। आरोप है कि आरोपियों ने बिंदा बाई के नाम की जमीन पर फर्जी अंगूठे के निशान लगाकर इकरारनामा तैयार किया। वृद्धा ने इस मामले में जिला न्यायालय में वाद दायर किया था और कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस ने बताया कि दोनों ही मामले जमीन पर अवैध कब्जा और फर्जी दस्तावेज तैयार करने से जुड़े हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामलों की गंभीरता को देखते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



