
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केरल दौरे के दौरान बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि केरल की जागरूक जनता अब परिवर्तन के लिए पूरी तरह तैयार दिख रही है और भारतीय जनता पार्टी के प्रति जनसमर्थन लगातार बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री साय कोट्टायम जिले के चेंगन्नूर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी एम.वी. गोपाकुमार के नामांकन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सुशासन, पारदर्शिता और विकास का जो मॉडल स्थापित हुआ है, उसी का असर अब केरल में भी दिखाई दे रहा है।
उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि चेंगन्नूर समेत पूरे केरल में भाजपा के पक्ष में माहौल बन रहा है और यह आने वाले विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक परिणाम दे सकता है।
साय ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को दोहराते हुए कहा कि पार्टी संगठन तेजी से मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ताओं का समर्पण तथा जनता का भरोसा मिलकर बदलाव की नई कहानी लिखेंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा प्रत्याशी गोपाकुमार जीत हासिल करेंगे और केरल की धरती पर कमल खिलाकर नए राजनीतिक परिवर्तन की शुरुआत होगी।



