छत्तीसगढ़रायपुर
Trending

ब्रिलियंट स्कूल विवाद में नया मोड़: केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने मुख्य सचिव को लिखा पत्र, जांच के निर्देश की मांग

बिलासपुर। ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल में सीबीएसई के नाम पर पढ़ाई कराकर छात्रों को सीजी बोर्ड परीक्षा दिलाने के विवाद ने अब बड़ा रूप ले लिया है। मामले में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री Tokhan Sahu ने छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर त्वरित जांच कराने और कार्रवाई की मांग की है।

मंत्री ने अपने पत्र में बताया कि उनके संसदीय क्षेत्र बिलासपुर के ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, व्यापार विहार में पढ़ने वाले 40 से अधिक अभिभावकों ने शिकायत की है कि स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत पढ़ाई कराई, लेकिन अब वार्षिक परीक्षा के समय उन्हें सीजी बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।

पत्र में मंत्री ने कहा है कि अभिभावकों द्वारा दिए गए आवेदन में बच्चों और पालकों को गुमराह किए जाने की बात सामने आई है। इसलिए वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम गठित कर पूरे मामले की तत्काल जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।

मंत्री ने मुख्य सचिव से यह भी आग्रह किया है कि जांच के बाद की गई कार्रवाई की जानकारी उन्हें उपलब्ध कराई जाए, ताकि छात्रों और अभिभावकों की समस्या का समाधान हो सके।

इधर इस मामले को लेकर सोमवार रात बिलासपुर में अभिभावकों ने स्कूल परिसर में हंगामा भी किया था। उनका आरोप है कि बच्चों को पूरे साल सीबीएसई पैटर्न से पढ़ाया गया, लेकिन परीक्षा से ठीक पहले सीजी बोर्ड का सिलेबस भेज दिया गया, जिससे सैकड़ों छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है।

अब केंद्रीय मंत्री के हस्तक्षेप के बाद अभिभावकों को उम्मीद है कि शिक्षा विभाग इस मामले में जल्द जांच कर स्पष्ट स्थिति सामने लाएगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button