छत्तीसगढ़

विधानसभा में आज सड़क हादसे, खराब सड़कों और कौशल विकास पर उठेंगे सवाल, 3 मंत्रियों के विभागों पर चर्चा

रायपुर, 12 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में आज सड़क और विकास से जुड़े कई अहम मुद्दे उठेंगे। प्रश्नकाल और ध्यानाकर्षण के दौरान खराब सड़कों, सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों, स्वास्थ्य केंद्रों की सुविधाओं और मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना से जुड़े सवाल सरकार से पूछे जाएंगे।

सत्ता पक्ष के विधायक पुन्नूलाल मोहले ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए प्रदेश में खराब और जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाएंगे। वे विभिन्न जिलों में सड़कों की खराब स्थिति और इससे लोगों को हो रही परेशानियों का मामला सदन में रखेंगे। साथ ही सड़कों की मरम्मत और निर्माण को लेकर सरकार की योजना और कार्रवाई की जानकारी भी मांगेंगे।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक किरण देव मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सड़कों का मुद्दा उठाएंगे। वे पूछेंगे कि इस योजना के तहत किन-किन क्षेत्रों में सड़कों को मंजूरी दी गई है और उनके निर्माण की स्थिति क्या है। साथ ही स्वीकृत सड़कों के निर्माण कार्य और उसकी प्रगति से जुड़ी जानकारी भी मांगी जाएगी।

अकलतरा विधायक राघवेन्द्र सिंह प्रदेश में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं में मौतों का मामला उठाएंगे। वे सरकार से पूछेंगे कि सड़क हादसों को रोकने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं और दुर्घटनाओं को कम करने के लिए आगे क्या योजना बनाई गई है।

वहीं विधायक लता उसेंडी प्रदेश के स्वास्थ्य केंद्रों में मिलने वाली सुविधाओं को लेकर सरकार से सवाल करेंगी। वे स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, डॉक्टरों और अन्य संसाधनों की स्थिति की जानकारी मांगेंगी।

कौशल विकास से जुड़े मुद्दों पर विधायक अजय चंद्राकर मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत पंजीकृत प्रशिक्षण संस्थानों की जानकारी मांगेंगे। वे जानना चाहेंगे कि इस योजना के तहत कितने प्रशिक्षण संस्थान पंजीकृत हैं और उनके माध्यम से युवाओं को किस प्रकार का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

सदन में विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर याचिकाएं भी पेश करेंगे। इनमें स्वास्थ्य केंद्र निर्माण, स्कूलों के उन्नयन, पुल-पुलिया और सड़कों के निर्माण जैसे स्थानीय विकास से जुड़े विषय शामिल रहेंगे।

आज सदन में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के विभागों से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे। इसके अलावा मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, श्याम बिहारी जायसवाल, लखनलाल देवांगन और टंकराम वर्मा के विभागों की बजट अनुदान मांगों पर भी चर्चा होगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button