छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर प्रेस क्लब ने पत्रकारों के लिए बनाई लीगल सेल, यातायात चालान मामलों में मिलेगी कानूनी मदद

रायपुर। पत्रकार हित में एक अहम पहल करते हुए रायपुर प्रेस क्लब ने पत्रकारों पर होने वाली यातायात चालान की असंगत और अन्यायपूर्ण कार्रवाई के मामलों में कानूनी सहायता देने के लिए प्रेस क्लब लीगल सेल का गठन किया है। इस पहल का उद्देश्य पत्रकार साथियों को विधिक सहयोग उपलब्ध कराना और अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत दिलाना है।

रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता नाथू राम मानिकपुरी, भगवानू नायक और राम प्रसाद जायसवाल को लीगल सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रेस क्लब की ओर से उन्हें औपचारिक पत्र देकर इस दायित्व की जानकारी दी गई।

अब पत्रकारों के यातायात चालान से जुड़े मामलों का निराकरण लोक अदालत सहित अन्य वैधानिक प्रक्रियाओं के माध्यम से कराने का कार्य अधिवक्ता नाथू राम मानिकपुरी, भगवानू नायक और उनकी टीम द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही प्रेस क्लब के सदस्यों से जुड़े आपराधिक मामलों में भी लीगल एडवाइस देने के लिए यह टीम उपलब्ध रहेगी। इस संबंध में सदस्य प्रेस क्लब के माध्यम से संपर्क कर सकेंगे।

प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने बताया कि प्रेस क्लब की कोशिश है कि यदि पत्रकारों पर यातायात चालान के मामलों में कहीं असंगत या अन्यायपूर्ण कार्रवाई हुई है, तो उसे वैधानिक प्रक्रिया के तहत सुलझाया जाए और पत्रकारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम किया जाए। उन्होंने बताया कि यह लीगल सेल वर्ष 2025 के बाद से हुए यातायात चालानों से जुड़े मामलों में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सहयोग प्रदान करेगी।

प्रेस क्लब ने अपने सदस्यों से अपील की है कि जिन पत्रकार साथियों के यातायात चालान हुए हैं, वे इसकी जानकारी प्रेस क्लब कार्यालय में दें और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि लीगल सेल के माध्यम से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा सके। साथ ही सभी पत्रकारों से यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील भी की गई है।

रायपुर प्रेस क्लब द्वारा लीगल सेल के गठन और सदस्यों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने की इस पहल का महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े ने स्वागत किया।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button