
रायपुर, 11 मार्च 2026/ रायपुर में जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल ‘प्रोजेक्ट धड़कन’ ने एक बार फिर जादू दिखाया। छठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 11 वर्षीय पीहू कारके, जो हृदय रोग से जूझ रही थी, अब सफल ऑपरेशन के बाद पूरी तरह स्वस्थ हो गई है।
पीहू को हृदय में समस्या होने के कारण खेल-कूद और शारीरिक गतिविधियों में कठिनाई होती थी। इसी बीच जिला प्रशासन ने पुलिस विभाग कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए आयोजित ‘प्रोजेक्ट छांव’ के स्वास्थ्य जांच शिविर में पीहू की जाँच करवाई। विशेषज्ञ टीम ने उसके हृदय की गंभीर जांच के बाद उसे सत्य साईं हॉस्पिटल, नवा रायपुर में उपचार के लिए भेजा।
अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विस्तृत जांच के बाद पीहू का एक सप्ताह में सफल ऑपरेशन हुआ। ऑपरेशन के बाद उसे स्वस्थ अवस्था में छुट्टी दी गई। आज पीहू पढ़ाई में मन लगा रही है और बहनों व दादी के साथ कैरम जैसे खेलों का आनंद भी ले रही है।
पीहू की माता इंद्राणी कारके ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘प्रोजेक्ट धड़कन’ की मदद से समय पर इलाज संभव हुआ और उनकी बेटी अब स्वस्थ जीवन जी रही है।
यह पहल न केवल जरूरतमंद बच्चों को समय पर इलाज उपलब्ध कराती है, बल्कि उनके परिवारों में भी नई उम्मीद और विश्वास जगाती है।



